छह माह से अपहरण के मामले में फरार चल रहा 2 हजार का इनामी आरोपी अंशु गिरफ्तार

निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न) । छह माह से अपहरण और मारपीट के मामले में फरार चल रहे 2 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मामले में पूर्व में एक अन्य आरोपी नवीन उर्फ पिंटू को गिरफ्तार किया जा चुका है। थानाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि 30 अक्टूबर 2025 को लोयल निवासी कपिल जाट ने रिपोर्ट दी थी, रिपोर्ट में बताया था कि नवीन कुमार मेघवाल ने फोन कर उसे घर से बाहर बुलाया। इसके बाद बिना नंबर की थार गाड़ी में अन्य युवकों के साथ जबरन बैठाकर लोयल ग्राउंड में ले जाया गया, जहां आरोपियों ने लकड़ियों और सरियों से मारपीट की। बाद में घायल अवस्था में उसे घर के सामने छोड़कर आरोपी फरार हो गए। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार दबिश दी गई। फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर 2 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। महपालवास थाना सूरजगढ़ निवासी अंशु को गिरफ्तार किया। गौरतलब है कि इस मामले में पूर्व में नवीन उर्फ पिंटू निवासी लोयल को गिरफ्तार किया जा चुका है। कार्रवाई में आसूचना अधिकारी नेमीचंद का विशेष योगदान रहा। टीम में थाना अधिकारी राकेश कुमार, कांस्टेबल कप्तान सिंह, हेड कांस्टेबल राजेश, कांस्टेबल नेमीचंद, योगेश एवं मनीष शामिल रहे।

You might also like