परसरामपुरा स्टेडियम प्रकरण: अतिक्रमण हटाने नहीं पहुंचा प्रशासन
निसं
नवलगढ़ (नवयत्न)। क्षेत्र के परसरामपुरा स्थित राजीव गांधी खेल स्टेडियम को बचाने के लिए सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए। ग्रामीणों ने स्टेडियम की चारदीवारी के आगे मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताया, ताकि स्टेडियम को तोड़ा नहीं जा सके। हालांकि निर्धारित समय तक ना तो प्रशासन मौके पर पहुंचा और ना ही वार्ता के लिए कोई प्रतिनिधि भेजा गया।

गौरतलब है कि कोर्ट के आदेशानुसार परसरामपुरा स्थित राजीव गांधी खेल स्टेडियम की दीवार सहित भवन का कुछ हिस्सा, पानी की टंकी एवं ट्यूबवेल नदी के बहाव क्षेत्र में आने के कारण अतिक्रमण माना गया है। इसे हटाने के लिए सोमवार, 27 अप्रैल को प्रशासनिक जाब्ता तैनात किया जाना था।

स्टेडियम को बचाने के लिए परसरामपुरा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ. राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में सोमवार सुबह से ही नदी के तिराहे पर जुटने लगे थे। सुबह 10 बजे तक हजारों ग्रामीण एकत्र हो गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

सोमवार को हटाया जाना था अतिक्रमण
नवलगढ़ तहसीलदार के आदेशानुसार कोर्ट ने खेल स्टेडियम को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए परसरामपुरा, झाझड़, गोठड़ा और बसावा के पटवारी, गिरदावर सहित 3 पुलिस निरीक्षक और 30 कांस्टेबल जाब्ते के लिए मांगे थे।

डॉ. शर्मा ने दिया था साढ़े 11 बजे तक का अल्टीमेटम
पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार शर्मा ने रविवार दोपहर प्रशासन को अल्टीमेटम दिया था कि यदि सोमवार को साढ़े 11 बजे तक प्रशासन या उसका कोई प्रतिनिधि वार्ता के लिए नहीं पहुंचता है तो वे ग्रामीणों के साथ नवलगढ़ एसडीएम कार्यालय कूच करेंगे और स्टेडियम तोड़ने का कारण पूछा जाएगा।
नवलगढ़ में विरोध प्रदर्शन, एसडीएम से हुई वार्ता
सोमवार को ना तो अतिक्रमण हटाने प्रशासनिक जाब्ता परसरामपुरा पहुंचा और ना ही कोई अधिकारी प्रदर्शनकारियों से वार्ता करने पहुंचा। इसके बाद पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ. राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि नवलगढ़ पहुंचे और एसडीएम कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
विरोध प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने नवलगढ़ एसडीएम से वार्ता की।
इस दौरान डॉ. राजपाल शर्मा, पूर्व चेयरमैन रिछपाल सिंगोदिया, निवर्तमान पंचायत समिति सदस्य सुभीता सिंगड़, अनौखा सैनी, जिला परिषद सदस्य बजरंग लाल जांगिड़, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बलदेव सैनी, सरपंच करनीराम, पंचायत समिति सदस्य रिंकू पूनियां, चिराना सरपंच राजेंद्र सिंह शेखावत, पूर्व चेयरमैन सत्यनारायण सैनी, पूर्व एक्सईएन मूलचंद सैनी, पार्षद महेंद्र सैनी, पार्षद अनिल शर्मा, पार्षद अदनान खत्री, पूर्व चेयरमैन राजकुमार सैनी, नरेंद्र कड़वाल, पार्षद प्रतिनिधि राकेश दायमा, सुरेश गुर्जर, सुरेश नेहरा, मुकेश रणवा, अनिल पारीक सहित कई लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन सुरेश नेहरा ने किया।