20 अप्रेल से धरने की मांगी अनुमति
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न)। उपखंड अधिकारी ओमप्रकाश वर्मा को एक ज्ञापन सौंपकर कॉमरेड जगदीश नाथ ने आपणी योजना के तहत तोड़ी गई सड़कों को सही करवाये जाने की मांग करते हुए अनिश्चितकालीन धरने की अनुमति मांगी है। ज्ञापन में बताया गया है कि वार्ड न. 5 में आपणी योजना के तहत तोड़ी गई सड़कों का पेचवर्क कार्य दीप बाल मंदिर स्कूल से नोरतन घिंटाला के घर तक करवाने के लिए बार-बार मौखिक और ज्ञापन देकर विभाग को अवगत करवाया गया चुका है। लेकिन नगरपरिषद और जलदाय विभाग सड़कों को सही नहीं करवा रहे हैं, जिसके कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अतः जनहित को ध्यान में रखते हुए 20 अप्रेल से धरना दिया जायेगा। धरना जलदाय विभाग के सामने लगाया जाकर विभाग के अधिकारियो की नींद तोड़ने का काम किया जायेगा।