पुलिस का ऑपरेशन बचपन
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न)। राजधानी के उत्तर जिला पुलिस ने बाल श्रम और बाल उत्पीड़न के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने रामगढ़ मोड़ स्थित एक भोजनालय पर दबिश देकर वहाँ जबरन श्रम कर रहे एक नाबालिग बालक को मुक्त कराया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए रेस्टोरेंट संचालक को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करन शर्मा ने बताया कि बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए पुलिस लगातार सतर्क है। इसी क्रम में “प्रयास जेएसी सोसायटी” के समन्वयक अधिकारियों द्वारा पुलिस को पुख्ता सूचना दी गई कि रामगढ़ मोड़ स्थित “कानजी पवित्र भोजनालय” में एक नाबालिग बालक से जबरन मजदूरी करवाई जा रही है।
सूचना मिलते ही एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तुरंत मौके पर पहुँच कर तस्दीक की, जहाँ रेस्टोरेंट संचालक द्वारा एक मासूम से काम करवाया जाना पाया गया। पुलिस ने बालक को तुरंत वहां से मुक्त कराकर सुरक्षित संरक्षण में भेज दिया है।
पुलिस ने बाल श्रम करवाने के आरोप में रेस्टोरेंट संचालक मनोज (28 वर्ष) पुत्र रामेश्वर, निवासी दरभंगा (बिहार) हाल निवासी जयसिंहपुरा खोर, जयपुर को गिरफ्तार किया है।