पुलिस ने होटल पर छापा मारकर जब्त की अवैध शराब, होटल संचालक गिरफ्तार
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। पुलिस ने कस्बे में एक होटल पर छापा मारकर अवैध शराब जब्त कर होटल संचालक को गिरफ्तार किया है। तारानगर थानाप्रभारी आईपीएस स्वाति बूरी ने बताया कि चूरू जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तारानगर कस्बे में बिना लाइंसेंस के होटलों पर अवैध शराब बिक्री की शिकायत पर पुलिस टीम ने कस्बे में जलदाय विभाग कार्यालय के सामने स्थित न्यू महाराज होटल पर छापा मारकर 6 कार्टून बियर व अंग्रेजी शराब एवं दो कार्टन देसी शराब जप्त कर होटल संचालक देवकीनंदन नाई को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच कर रहे एएसआई विजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार होटल संचालक देवकीनंदन को शनिवार को राजगढ़ न्यायालय में पेश किया गया जहां न्यायिक मजिस्ट्रेट ने उसे जेल भेजने की आदेश दिए। गौरतलब है कि क्षेत्र में होटलों व ढाबों पर बिना लाइसेंस के अवैध रूप से शराब की बिक्री करने के साथ-साथ तय मूल्य से अधिक रेट में लोगों को शराब परोसी जाती है। आईपीएस स्वाति बूरी के नेतृत्व में इन दिनों पुलिस टीम की लगातार कार्रवाई से होटलों व ढाबा संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। वंही पुलिस शराब ठेकेदारों की ओर से कस्बे में खोली जा रही है अवैध ब्रांचों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई कर रही है।