जेजेटी यूनिवर्सिटी में राजस्थान स्टार्टअप क्वेस्ट 2026 पर सेमिनार आयोजित

निलेश मुद्गल
झुंझुनू (नवयत्न)। जगदीशप्रसाद झाबरमल टीबड़ेवाला विश्वविद्यालय में सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के तत्वावधान में राजस्थान स्टार्टअप क्वेस्ट 2026 को लेकर जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं नवोदित उद्यमियों को स्टार्टअप के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों, पंजीकरण प्रक्रिया तथा राज्य सरकार की ओर से नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं पहलों की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद डॉ आरती पवार ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं राजस्थान स्टार्टअप क्वेस्ट 2026 से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। सेमिनार में मुख्य अतिथि बंटेश चावला, प्रोग्रामर, डीओआईटीसी, ब्लॉक अलसीसर ने युवाओं को डिजिटल युग में बदलती तकनीक के साथ कदमताल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को अपने विचारों और प्रतिभा को अवसर में बदलने के लिए गंभीरता से प्रयास करना चाहिए। महेंद्र कुमार, सहायक प्रोग्रामर, डीओआईटीसी, ब्लॉक अलसीसर एवं राज वीरेंद्र, इंजीनियर, डीओआईटीसी, ब्लॉक अलसीसर ने राजस्थान स्टार्टअप क्वेस्ट के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को स्टार्टअप के अवसरों, सहभागिता तथा पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन दिया। सेमिनार के दौरान हुए संवादात्मक सत्र में विद्यार्थियों ने स्टार्टअप से जुड़े विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं रखीं। विशेषज्ञों ने उन्हें बताया कि किस प्रकार नए एवं रचनात्मक विचारों को विकसित कर उन्हें व्यावसायिक स्वरूप दिया जा सकता है। साथ ही उपलब्ध स्टार्टअप इकोसिस्टम, मार्गदर्शन एवं सहयोग तंत्र का लाभ उठाने की प्रक्रिया भी समझाई गई। कार्यक्रम विश्वविद्यालय नेतृत्व के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर यूनिवर्सिटी प्रेसिडेंट डॉ मधु गुप्ता, रजिस्ट्रार डॉ् अजीत कुमार एवं डॉ महेश सिंह सहित विश्वविद्यालय प्रशासन, संकाय सदस्य, विद्यार्थी एवं समन्वय टीम के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ अनंता शांडिल्य, प्रभारी डीएसडब्ल्यू रहे। वहीं डॉ इरफान कलाल, एचओडी सिविल इंजीनियरिंग विभाग संयोजक रहे। इसके अलावा डॉ नीतीश कुमार गौतम, एचओडी मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग तथा डॉ राहुल कुमार बुडानिया, एचओडी ईसीई इंजीनियरिंग विभाग सहित अन्य शिक्षकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ नीतीश कुमार गौतम ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

You might also like