पति द्वारा पत्नी की हत्या से सनसनी, घर के संदूक में मिला महिला का शव
कृष्ण कुमार गांधी
सूरजगढ़ (नवयत्न)। थाना क्षेत्र के अगवाना खुर्द गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। घटना में महिला के पति ने ही अपनी पत्नी की हत्या कर उसके शव को घर में रखे संदूक में छिपा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर में रखी संदूक से महिला का शव बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सूरजगढ़ थानाधिकारी रामसिंह यादव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अगवाना खुर्द निवासी कृष्ण कुमार जाट के घर में एक संदूक के अंदर महिला का शव रखा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान संदूक में महिला का शव मिला। प्रारंभिक जांच में शव करीब दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार मृतका के दोनों हाथ बंधे हुए मिले है। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी कृष्ण कुमार जाट की शादी वर्ष 2009 में हुई थी। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार घटना से पहले पति-पत्नी के बीच शराब पीने के लिए रुपये मांगने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि पत्नी द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और इसके बाद महिला की हत्या कर शव को संदूक में छिपा दिया गया।पुलिस ने आरोपी पति को डिटेन कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सूरजगढ़ सीएचसी भिजवाया गया है, पोस्टमार्टम के बाद रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि होगी।थानाधिकारी रामसिंह यादव ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूरे घटनाक्रम से गांव में सनसनी फैल गई है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
तीन दिन बाद गांव के पूर्व सरपंच दुलीचंद को दी घटना की जानकारी
गांव के पूर्व सरपंच दुलीचंद ने बताया कि आरोपी कृष्ण कुमार जाट मंगलवार सुबह शराब के नशे में उसके घर आया और उससे कहा की काका मेरे से गलत काम हो गया शराब के नशे में होने के कारण सरपंच ने उसको ऐसे ही मजाक समझा और कहा की तुने आज तक कोई सही काम किया है क्या जो आज गलत हो गया। आरोपी ने कहा की शनिवार को मेरी और आपकी बहु की लड़ाई हो गई थी मैने उसको मारा तो उसकी मौत हो गई। सरपंच दुलीचंद ने आरोपी से कहा अब वो कहां है तो उसने कहा घर में रखे संदुक में बंद हैं। सरपंच ने आरोपी के चाचा को यह बात बताई और दोनों जब उसके घर जाकर देखा तो मृतका की लाश संदुक में बंद थी। सरपंच ने पुलिस व मृतका के परिजनों को सुचना की।
खुद के बेटे को करता रहा गुमराह
मृतका के भाई रतन ने बताया कि मेरी बहिन के एक लड़का है जो 11वीं क्लास में पढ़ता है। घटना के दिन मेरा भांजा स्कूल गया हुआ था जब स्कूल से आकर उसने अपने पिता से मां के बारे में पूछा तो उसने कहा कि वह मेरे से लड़ाई करके आपके मामा के यहां चली गई। जब मेरे भांजे ने हमारे घर फोन करके पूछा की मम्मी यहां हुई है क्या तो हमने मना कर दिया। हम चिंतित हो गए जब पूछा क्या बात हुई तो उसने बताया कि मम्मी घर पर भी नहीं है। परेशान परिजनों ने भी हर जगह अपनी बेटी को तलाश किया। लेकिन भांजे को क्या पता था कि उसके पिता ने ही उसकी मां को मार के संदूक में बंद कर रखा है।