तेज रफ्तार थार ने स्कूटी सवार को कुचला

निसं
जयपुर (नवयत्न)। जवाहर नगर थाना इलाके के राजा पार्क में मंगलवार-बुधवार की मध्यरात्रि को तेज रफ्तार थार ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक और उसकी स्कूटी थार के साथ करीब 15 फीट तक घसीटते चले गए। हादसे में युवक गंभीर घायल हो गया। उसे एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर होने पर वेंटिलेटर पर रखा है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। हादसे के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। जवाहर नगर थानाधिकारी सरला यादव ने बताया कि हादसा मंगलवार-बुधवार की मध्य रात्रि 12:30 बजे उदय मार्ग पर हुआ। घायल युवक की पहचान विजय पासवान 24 के रूप में हुई है। विजय आदर्श नगर स्थित चिकन हंट में काम करता है। मंगलवार रात काम खत्म करने के बाद वह चिकन हंट से जवाहर नगर टीला नंबर-7 में रहने वाले दोस्तों के घर खाना देने जा रहा था। पुलिस के अनुसार विजय सामान्य गति से स्कूटी लेकर चौराहा पार कर रहा था। इसी दौरान चौराहे की एक तरफ से तेज रफ्तार में आई काले रंग की थार ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद विजय स्कूटी समेत थार के साथ करीब 15 फीट तक घसीटता चला गया। हादसे में स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी बीच थार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर घायल विजय को उपचार के लिए एसएमएस अस्पताल भिजवाया। दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी को पुलिस ने थाने में रखवा दिया है। पुलिस के मुताबिक हादसे में विजय के सिर, कंधे और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और चिकित्सकों ने उसे वेंटिलेटर पर रखा है।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में तेज रफ्तार थार से स्कूटी को टक्कर लगने और युवक के घसीटते हुए जाने की घटना कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर थार चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। वाहन के नंबर और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।

You might also like