प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह-प्रभारी चिरंजीवी राव व विधायक बुडानिया ने की कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक चर्चा

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । इंद्रलोक भवन में कांग्रेस के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व ग्रामीण व शहरी अध्यक्षो की संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह-प्रभारी चिरंजीवी राव व तारानगर विधायक नरेंद्र बुडानिया ने कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका एवं पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी बनाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा कर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। राव ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते है जिसके बल पर पार्टी मजबूत बनती है इसलिए सभी कार्यकर्ता आगामी नगरपालिका व पंचायत चुनाव के लिए अभी से तैयारी शुरू कर दें। तारानगर विधायक नरेंद्र बुडानिया ने कहा कि तारानगर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता कर्मठ व सक्रिय है जिस तरह उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में संगठित होकर कार्य किया वैसे ही आगे करेंगे ये उन्हें विश्वास है। बुडानिया ने सभी कार्यकर्ताओं को जी जान से आगामी नगरपालिका व पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटने की बात कही। बैठक में जिला प्रभारी एवं फतेहपुर विधायक हाकम अली, चूरू जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं सुजानगढ़ विधायक शमनोज मेघवाल, पीसीसी सचिव एवं तारानगर विधानसभा प्रभारी रामनिवास बिड़ोदी, पीसीसी सचिव प्रद्युम्न सिंह राठौड़, पूर्व प्रधान संजय कस्वां भी अपने विचार व्यक्त किए। बैठक में पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रियंका बानो, विमला कालवा, हरिसिंह बेनीवाल, उमाशंकर शर्मा, भागीरथ भामी, मानसिंह सैनी, मोहरसिंह ज्याणी, कुंदन सैनी, मास्टर प्रताप मेघवाल, बाबूलाल सैनी, योगेश वर्मा सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता मौजूद थे।

You might also like