राजस्थानी भाषा को मान्यता देने के फैसले का छात्रों ने किया स्वागत

गजेंद्र सिंह
सरदारशहर (नवयत्न) । राजस्थानी भाषा को क्षेत्रीय भाषा के रूप में मान्यता देने संबंधी सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद प्रदेशभर में खुशी का माहौल है। सरदार शहर के विवेकानंद सीनियर सेकेंडर स्कूल के शिक्षकों, छात्रों, अभिभावकों और राजस्थानी भाषा प्रेमियों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे राजस्थान की संस्कृति और पहचान के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है। सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान सरकार को निर्देश दिए हैं कि राजस्थानी भाषा को चरणबद्ध तरीके से सरकारी और निजी स्कूलों में विषय के रूप में लागू किया जाए। लंबे समय से राजस्थानी भाषा को मान्यता दिलाने की मांग उठती रही है और अब इस फैसले को भाषा के सम्मान से जोड़कर देखा जा रहा है। विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल की डायरेक्टर निशा सैनी ने सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद करते हुए कहा कि राजस्थानी भाषा को मान्यता मिलने से हमारी संस्कृति को नई पहचान मिलेगी। स्कूलों और कॉलेजों में इस भाषा की पढ़ाई को बढ़ावा मिलेगा, साहित्यकारों और कलाकारों को सम्मान मिलेगा तथा नई पीढ़ी अपनी मातृभाषा से जुड़ी रहेगी। भाषा केवल बोलने का माध्यम नहीं होती, बल्कि यह हमारी सोच, हमारी सभ्यता और हमारी पहचान होती है।
आज के युवा वर्ग की भी जिम्मेदारी है कि वे अपनी मातृभाषा पर गर्व करें और उसे आगे बढ़ाने में योगदान दें। हमें घर, समाज और मंचों पर राजस्थानी भाषा का अधिक उपयोग करना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियाँ भी अपनी संस्कृति से जुड़ी रहें। स्कूल की शिक्षा का तमन्ना जोशी ने कहा कि राजस्थानी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा, लोककला और पहचान की आत्मा है। इस भाषा में हमारे पूर्वजों का इतिहास, लोकगीतों की मिठास, वीरता की गाथाएँ और संस्कृति की खुशबू बसती है।
राजस्थान की धरती पर बोली जाने वाली राजस्थानी भाषा सदियों पुरानी और समृद्ध भाषा है। इसमें अनेक बोलियाँ जैसे मारवाड़ी, शेखावटी, मेवाड़ी, हाड़ौती, बागड़ी आदि शामिल हैं। उन्होंने कि राजस्थानी भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि राजस्थान की संस्कृति, परंपरा और लोक विरासत की पहचान है। स्कूलों में इसे पढ़ाए जाने से नई पीढ़ी अपनी मातृभाषा और संस्कृति से और अधिक जुड़ सकेगी। राजस्थानी भाषा की मान्यता को लेकर छात्रों और अभिभावकों ने खुशी जताते हुए सुप्रीम कोर्ट के फैसले को ऐतिहासिक बताया।

You might also like