अवैध डीजल तस्करी के खिलाफ तारानगर पुलिस की प्रभावी कार्रवाई, 26 ड्रम अवैध डीजल जब्त
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न ) । तारानगर पुलिस ने अवैध डीजल तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए 26 ड्रम अवैध डीजल जब्त किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजगढ़ रिछपाल सिंह चारण ने बताया कि आरपीएस स्वाति बूरी के नेतृत्व में तारानगर पुलिस टीम ने शनिवार रात्रि को कस्बे में साहवा रोड पर नाकाबंदी कर रखी थी। उस दौरान साहवा की तरफ से एक पिकअप गाड़ी आई। पुलिस ने पिकअप को रुकवा कर उसकी जांच की तो पिकअप के पीछे बनाई गई बंद बॉडी में अवैध डीजल के 26 ड्रम भरे पड़े थे जिनमें करीब 5-6 हजार लीटर डीजल था। डीजल परिवहन व खरीद का कोई लाइसेंस व बिल आदि नही मिलने पर पुलिस ने पिकअप व अवैध डीजल जब्त कर लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चारण ने बताया कि अवैध डीजल की कार्रवाई के लिए जिला परिषद विभाग चूरू को सूचना दे दी गई है जिला रसद विभाग चूरू की ओर से कार्रवाई की जाएगी।
पूछताछ में पिकअप चालक अजय नायक व दिलीप नायक ने अवैध डीजल चंडीगढ़ से खरीद कर लाना बताया है। चारण ने बताया कि वर्तमान में खाड़ी देशों में युद्ध के हालात के मध्य नजर पेट्रोल, डीजल की कमी को देखते हुए लोगों की ओर से पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ से सस्ती दर में अवैध डीजल तस्करी करके डीजल का स्टॉक किया जा रहा था जिसके चलते डीजल तस्करी को रोकने के लिए तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई। अवैध डीजल तस्करी के खिलाफ कार्यवाही करने वाली टीम मे तारानगर थाना प्रभारी आरपीएस स्वाति बूरी, उप निरीक्षक सुरेश कुमार यादव, हेड कांस्टेबल देवीलाल, कांस्टेबल बलवान सिंह, विकास कुमार, अजीत सिंह, बन्नेसिंह आदि शामिल थे।