आयुक्त को भौतिक सत्यापन में मिले पूरे 25 टेक्टर्स

अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । गत दिवस को तहसीलदार व कार्यवाहक आयुक्त गिरधारीलाल पारीक द्वारा सफाई व्यवस्था का निरीक्षण के बाद मंगलवार को टेक्टर्स की संख्या का भौतिक सत्यापन किया गया। सोमवार को किए गए निरीक्षण के दौरान ठेकेदार कालूराम ने 10 टेक्टर्स की सूची पेश की थी, जो कि कचरा उठाने के लिए लगाए गए हैं। दूसरी ओर सफाई निरीक्षक मुन्नालाल मीणा ने बताया कि घर-घर कचरा संग्रहण के लिए लगाए गए 15 टेक्टर्स की सूची कालूराम आयुक्त महोदय को दे नहीं पाया था, जिसके चलते यह गलतफहमी पैदा हो गई थी कि कहीं 25 की जगह 10 टेक्टर्स ही तो नहीं चल रहे। इसलिए ग्रीन स्पेस पार्क के सामने सुबह सभी कचरा उठाने व संग्रहित करने के लिए लगाए गए 25 टेक्टर्स को लाईन लगाकर खड़ा किया गया और उसके बाद आयुक्त गिरधारीलाल पारीक ने निरीक्षण किया, जिस पर संख्या सही पाई गई। वहीं ठेकेदार कालूराम ने बताया कि होच-पोच हो जाने के कारण मैं दूसरी लिस्ट नहीं दे पाया। वहीं निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ने कहा कि सभी ट्रेक्टर्स ढ़के हुए पाये गये हैं तथा आज भी मैंने निरीक्षण किया है, जिस पर 7 सफाईकर्मी अनुपस्थित मिले हैं, जिनके नोटिस जारी किए जा रहे हैं। एक दिन पहले आई खबरों से जनता में संदेश चला गया कि मात्र 10 ही टेक्टर्स लगे हैं, जबकि वह एक ही सूची पेश कर पाने के कारण आधी जानकारी सामने आ पाई थी।

You might also like