वन विभाग ने पौधरोपण कर व परिंडे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को तारानगर की वन विभाग की नर्सरी में पर्यावरण संरक्षण का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विकास अधिकारी छगनलाल छिम्पा की गौरवमयी उपस्थिति में वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और पर्यावरण प्रेमियों ने पौधरोपण कर धरती को हरा-भरा रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पौधशाला परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार और फलदार पौधे लगाए साथ ही बढ़ती गर्मी को देखते हुए बेजुबान पक्षियों के लिए पेड़ों पर परिंडे भी बांधे गए ताकि पक्षियों को भीषण गर्मी में पानी मिल सके।
विकास अधिकारी छगनलाल छिम्पा ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। सरकारी योजनाओं के साथ-साथ हर नागरिक की भागीदारी से ही तारानगर को हरा-भरा बनाया जा सकता है।
क्षेत्रीय वन अधिकारी सुरेंद्रसिंह ने कहा कि हमें हर समय पर्यावरण की रक्षा करनी चाहिए। पेड़ ही जीवन का आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग के दौर में अधिक से अधिक पौधे लगाकर ही धरती को बचाया जा सकता है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान सुनील बागड़ी, बाबूलाल, राजेंद्र सिंह, पिंकेश कंवर, पूनम, राजवीर, सुनीता, ताने खां, दीपचंद शर्मा सहित वन विभाग का समस्त स्टाफ व लोग मौजूद रहे।

You might also like