भीषण गर्मी ने बढ़ाई लोगों की परेशानी – बचाव के लिए सावधानी जरूरी
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान और तेज गर्म हवाओं ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी है। वैद्य बालकृष्ण गोस्वामी ने बताया कि दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है तथा लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। तेज धूप और लू के कारण बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। गोस्वामी ने बताया कि अत्यधिक गर्मी और लू से डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, उल्टी, सिरदर्द और कमजोरी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। अस्पतालों में भी गर्मी से संबंधित मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है। प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। साथ ही अधिक से अधिक पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढकने की सलाह दी गई है।
वैद्या गोस्वामी ने बताया कि दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ पिएं।धूप में निकलते समय छाता, टोपी या गमछे का उपयोग करें। खाली पेट घर से बाहर नहीं निकलें। ज्यादा मसालेदार और तला हुआ भोजन खाने से बचें। बच्चों और बुजुर्गों को तेज धूप से दूर रखें।
लू लगने पर तुरंत छायादार स्थान पर जाकर पानी या ओआरएस का सेवन करें।तेज गर्मी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।