दस लाख की नकबजनी करने वाला नौकर ही निकला मास्टरमाइंड

निसं 

जयपुर (नवयत्न)। परकोटा क्षेत्र के जौहरी बाजार स्थित एक कुर्ती दुकान में हुई दस लाख रुपए की सनसनीखेज नकबजनी का माणकचौक थाना पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। इस मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी बदमाश नहीं,बल्कि दुकान में कार्यरत 21 वर्षीय नौकर ही निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई रकम में से 7 लाख 90 हजार रुपए बरामद कर लिए हैं। चोरी के बाद दुकान की ऊंचाई से छलांग लगाने के कारण आरोपी के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए थे, लेकिन इसके बावजूद वह नकदी लेकर मौके से फरार हो गया था। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि परकोटा क्षेत्र के जौहरी बाजार स्थित एक कुर्ती दुकान में हुई दस लाख रुपए की सनसनीखेज नकबजनी का माणकचौक थाना पुलिस ने खुलासा करते हुए सचिन प्रजापत (21) निवासी कोलवा जिला दौसा को गिरफ्तार किया है।

थानाधिकारी राकेश ख्यालिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को परिवादी की दुकान पर काम करता था। उसे दुकान के व्यापारिक लेन-देन और नकदी रखने के स्थान की पूरी जानकारी थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि 17 जून को दुकान में व्यापारिक लेन-देन के दौरान बड़ी राशि गल्ले में रखी गई थी। रकम देखकर आरोपी के मन में लालच आ गया। उसने मालिक से घर जाने की बात कही, लेकिन चुपचाप अपनी चप्पलें उठाकर दुकान के अंदर ही एक सुरक्षित स्थान पर छिप गया।

रात करीब 8.45 बजे दुकान मालिक के दुकान बंद कर घर जाने के बाद आरोपी अपनी छिपने की जगह से बाहर निकला। उसने दुकान की तलाशी ली और गल्ला तोड़कर उसमें रखे करीब 10 लाख रुपए निकाल लिए।

वारदात के बाद दुकान से बाहर निकलने के लिए आरोपी ने दुकान में रखी साड़ियों को आपस में बांधकर एक लंबी रस्सी बनाई। उसने पीछे की खिड़की खोली और रस्सी के सहारे नीचे उतरने का प्रयास किया, लेकिन रस्सी जमीन तक नहीं पहुंच सकी।

पुलिस के अनुसार काफी ऊंचाई होने के बावजूद आरोपी ने नीचे छलांग लगा दी, जिससे उसके दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए। गंभीर चोट लगने के बावजूद वह चोरी की रकम लेकर वहां से फरार होने में सफल रहा। टीम में थानाधिकारी राकेश ख्यालिया, सहायक उपनिरीक्षक सोहनलाल, हेड कांस्टेबल हरदयाल सिंह, कांस्टेबल गिरधर सिंह तथा कांस्टेबल छीतरमल शामिल रहे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की रकम में से 7.90 लाख रुपए बरामद कर लिए।

पुलिस अब आरोपी से शेष राशि के संबंध में पूछताछ कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी की बची हुई रकम कहां खर्च या छिपाई गई है।

गौरतलब है कि परिवादी प्रदीप मुलराजानी (46) निवासी आदर्श नगर, जयपुर ने बताया कि उनकी फर्म एम/एस पीताम्बर अटायर एलएलपी रतनश्री हाउस, रामलालजी का रास्ता, जौहरी बाजार में संचालित है, जहां फैब्रिक कुर्ती का व्यवसाय किया जाता है। उन्होंने 17 जून की रात करीब 8.45 बजे दुकान बंद की थी। अगले दिन 18 जून को सुबह करीब 10 बजे दुकान खोलने पर पीछे की खिड़की खुली मिली और उस पर कपड़ों से बनी रस्सी लटकी हुई दिखाई दी। जांच करने पर गल्ले से 10 लाख रुपए गायब मिले, जिसके बाद माणकचौक थाने में मामला दर्ज कराया था।

You might also like