बिजली – पानी की समस्या को लेकर उपखंड कार्यालय का घेराव
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में व्याप्त पानी व बिजली की समस्याओं को लेकर शुक्रवार को विधायक मुकेश भाकर ने हल्ला बोल दिया। विधायक की अगुवाई में सैकड़ो महिला पुरुषों ने उपखंड कार्यालय पहुंचकर विभाग के अधिकारियों का घेराव किया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान विधायक ने एसडीएम कार्यालय के सामने पानी की मटकियां फोड़कर विरोध जताया। वहीं सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस मौके पर विधायक ने बिजली और जलदाय विभाग के अधिकारियों को खूब खरी-खोटी सुनाई।
प्रभारी मंत्री के दौरे साफा माला पहनने तक सिमटे :
विधायक भाकर ने जलदाय मंत्री कन्हैयालाल को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जलदाय मंत्री डीडवाना कुचामन जिले के प्रभारी मंत्री है और गांव गांव में घूमकर स्वागत करवाने और साफे पहनने में व्यस्त है। लेकिन उन्हीं के सामने पूरा जिला पेयजल किल्लत से जूझ रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। भाकर ने गुरुवार को स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उठाई गई पानी की समस्या को लेकर कहा कि भाजपा नेताओं को लाडनूं की पहले याद क्यों नहीं आई कांग्रेस द्वारा हल्ला बोल का आह्वान करने के बाद ये लोग जागे और जलदाय विभाग जाकर खानापूर्ति कर जनता को गुमराह करने का काम किया। विधायक मुकेश ने चेतावनी दी कि अगर पांच दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बुधवार को जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने वे खुद अन्न जल का त्याग कर भूख हड़ताल करेंगे और ये आंदोलन एक बड़ा रूप लेगा जिसका जिम्मेदार प्रशासन रहेगा। इस अवसर पर पंचायत समिति पूर्व प्रधान हनुमानराम कासनियां, पूर्व पालिकाध्यक्ष रावत खान, शौकत खान मलवान, नेताजी अयूब खान मोयल, मुकेश खींची, नदीम बल्खी, नौशाद सिसोदिया, मुंनसफ खान सहित सैकड़ों गणमान्य लोग, सरपंच गण, पार्षद आदि मौजूद रहे।