पीबीएम अस्पताल में तीसरी प्रसूता की मौत, परिजनों ने उठाए सवाल
निसं
बीकानेर (नवयत्न) । पीबीएम अस्पताल में एक महीने के भीतर तीसरी प्रसूता की मौत से हड़कंप मच गया। नापासर के कुचौर निवासी लेखराम की पत्नी लीला की पिछली रविवार की रात पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा आईसीयू में उपचार के दौरान मौत हो गई। गत तीन जुलाई को जनाना अस्पताल में उनका सिजेरियन ऑपरेशन हुआ था, जिसके बाद नवजात शिशु की भी मृत्यु हो गई थी। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव से उनकी हालत गंभीर हो गई थी। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन कार्डियक अरेस्ट आने के बाद चिकित्सकों के प्रयास सफल नहीं हो सके। घटना के बाद परिजन मॉर्चरी के बाहर एकत्रित हो गए। कांग्रेस नेता रामनिवास कूकणा ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। परिजनों ने पोस्टमार्टम से पहले उपचार की प्रमाणित फाइल उपलब्ध कराने तथा मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। लीला की यह चौथी डिलीवरी थी, जबकि पहले तीनों प्रसव सामान्य बताए जा रहे हैं। लगातार हो रही प्रसूताओं की मौतों से अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं।