दूसरे वार्ड में नाम जुड़वाने का कल अंतिम दिन
संजय सोनी
झुंझुनू (नवयत्न) । जिले के 19 नगरीय निकायों में दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण में 9 सितंबर को 10 निकायों और दूसरे चरण में 11 सितंबर को 9 निकायों में वोट डाले जाएंगे। मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 14 सितंबर को होगी।
वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का कल अंतिम मौका
नगर निकाय चुनाव में मतदान के लिए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है। ऐसे पात्र लोग, जिनका नाम अभी तक वोटर लिस्ट में नहीं जुड़ा है या किसी कारण से नाम दर्ज नहीं हो पाया है, दूसरे वार्ड में जुड़ा हुआ है, तो ऐसे मतदाता भी अंतिम तिथि तक संबंधित निर्वाचन अधिकारी के समक्ष सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं।
वे 21 अगस्त तक नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद चुनाव प्रक्रिया के लिए मतदाता सूची में नाम जोड़ने का अवसर नहीं मिलेगा।
जिले के 19 नगरीय निकायों में बड़ी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। ऐसे में पात्र नागरिकों से अपील है कि वे अंतिम तिथि से पहले मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें और नाम नहीं होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें।