केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला जलाया, लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीमकाथाना जिलाध्यक्ष प्रो. गोविंद नारायण घसिया के नेतृत्व में उपखंड कार्यालय के बाहर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला जलाया और इस्तीफे की मांग की गई।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने नीट परीक्षा पेपर लीक, छात्र आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई और छात्र हितों की अनदेखी का आरोप लगाया। जिलाध्यक्ष प्रो. घसिया ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर 6 जून से धरने पर बैठे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का प्रयोग किया, जिसे उन्होंने लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताया। उन्होंने शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करने और केंद्र सरकार से छात्र हितों की रक्षा करने की मांग की।
उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष सहित अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया। केंद्र सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों और छात्र हितों की अनदेखी कर रही है, इसलिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।