हिंदी दिवस पर महाविद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताए आयोजित

निसं
बीदासर (नवयत्न)। श्री साँवरलाल सुशीला देवी सुथार राजकीय महाविद्यालय, बीदासर में हिंदी दिवस के अवसर पर 14 सितम्बर को विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ देवी प्रसाद वर्मा ने की। हिंदी दिवस के अवसर पर तकनीकी युग में हिंदी – चुनौतियाँ और अवसर विषय पर निबंध प्रतियोगिता, भारत की एकता और अखंडता के लिए हिंदी ही एकमात्र विकल्प है विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता तथा मेरे सपनों का भारत विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हिंदी भाषा के प्रति अपनी रचनात्मकता एवं विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। भाषण प्रतियोगिता में राहुल व अम्बिका, वाद-विवाद प्रतियोगिता में निर्मल व शबाना तथा निबंध प्रतियोगिता में संजना व आनंदी ने क्रमश: प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को महाविद्यालय की ओर से पुरस्कार एवं बधाइयाँ दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ देवी प्रसाद ने कहा कि हिंदी केवल अभिव्यक्ति का माध्यम ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संवेदना और राष्ट्रीय एकता का सशक्त आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा इसके प्रचार-प्रसार में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के प्रति रुचि, सम्मान एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देना रहा। प्रतियोगिताओं के आयोजन से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ समसामयिक विषयों पर अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिला। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ रितु कुंवर ने किया। इस दौरान महाविद्यालय के स्टाफ सदस्य डॉ मीनाक्षी चौधरी, रमेश चन्द, श्रीचन्द छींपा आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ सिद्धार्थ लाटा ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

You might also like