भारी वाहनों के प्रवेश पर ग्रामीणों का आक्रोश

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । तहसील के लोढसर गांव के अंदर आबादी क्षेत्र से भारी वाहनों का आवागमन होने पर ग्रामीणों ने आक्रोश जताया है। सोमवार को बड़ी संख्या में उपखंड कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। राजस्थान जाट महासभा जिलाध्यक्ष गोपीराम बिजारणियां ने बताया कि गांव के बाहर भारी वाहनों के लिए बाईपास सड़क बनी हुई है, फिर भी कई भारी वाहन गांव के अंदर से गुजरते हैं। इससे गांव वासियों को भारी परेशानी व दुर्घटना का खतरा बना रहता है। गांव की महिलाएं जब कुओं से पानी भरने जाती हैं तब भी भारी वाहनों के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। युवा जब पशुओं को चराने के लिए लेकर जाते हैं, तब भी रास्तों में इस वाहनों से खतरा बना हुआ है। इसके अलावा भारी वाहनों के कारण गांव में धूल-मिट्टी उड़ने और सड़के खराब होने जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। एडवोकेट हरिराम मेहरड़ा ने बताया कि गांव में भारी वाहनों के लगातार आवागमन से जल आपूर्ति के लिए बिछी हुई पाइपलाइन, नालियां भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके चलते ग्रामीणों का जीना दूभर होने लगा है। ग्रामीणों ने एकजुट होकर भारी वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी लगाने की मांग की है। अन्यथा बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
इस अवसर पर डूंगर चौधरी, युवा नेता महेंद्र नोजल, हरिकिशन, सूर्यप्रकाश, नानूराम, मनोज, गोपालराम सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।

You might also like