निजी खर्च से खरीदी पाईप लाईन
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । स्थानीय तेली रोड़ गली नंबर 20 में घरेलू पाईप लाईन का कनेक्शन जोड़ने की मांग को लेकर वार्डवासियों ने उपखंड अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बताया कि वार्ड संख्या 33 की गली नंबर 20 में पेयजल संकट से त्रस्त वार्डवासियों ने बार बार जलदाय विभाग को पेयजल आपूर्ति की समस्या का समाधान करने की गुहार लगाई मगर उनकी सुनवाई नहीं हुई तो मजबूरन सभी लोगों ने अपने जेब से पैसे खर्च कर पाइप लाइन खरीद कर डलवाई । इसके बावजूद जलदाय विभाग के कर्मचारी अब पाईप लाईन का कनेक्शन जोड़ने में आनाकानी कर रहे हैं जिसके चलते उनकी परेशानी का कोई समाधान नहीं मिल रहा। वार्डवासियों ने बताया कि सभी ने एकजुट होकर अपने पैसों से नया पाईप खरीदा इसके बाद अपने ही खर्चे पर जेसीबी मंगवाकर गड्ढा भी खुदवा लिया मगर पाइप का कनेक्शन जुड़वाने के लिए फिर से विभाग के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। इसके चलते पिछले 5 दिनों से गली में मुख्य रस्ते पर गड्ढा खुदाई होने से आमजन का आवागमन बाधित पड़ा है। इस बारे में स्थानीय लोगों ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को अवगत भी करवाया मगर उन्हें आज कल के आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिल रहा।