पक्षियों के लिए लगाए परिंडे, जल संरक्षण और जीवों के प्रति संवेदनशीलता का दिया संदेश

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। भीषण गर्मी के मौसम में पक्षियों को पेयजल उपलब्ध कराने एवं जीवों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देने के उद्देश्य से ग्राम बुचावास स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पक्षियों के लिए परिंडे लगाए गए। विद्यालय परिसर में विभिन्न स्थानों पर परिंडे स्थापित किए गए, ताकि गर्मी के दिनों में पक्षियों को आसानी से पानी उपलब्ध हो सके। साथ ही, पक्षियों के लिए पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने हेतु खंडवा गांव में निर्मित प्रसिद्ध मिट्टी के घड़े भी रखवाए गए। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा जीव-जंतुओं के प्रति दया और संवेदनशीलता बनाए रखने का संदेश दिया।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सदस्यों ने कहा कि बढ़ती गर्मी के कारण पक्षियों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ता है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, विद्यालय एवं सार्वजनिक स्थानों पर परिंडे लगाकर पक्षियों की सहायता करनी चाहिए।

कार्यक्रम में विद्यालय के उप प्रधानाचार्य खिराज सिंह भाकर, व्याख्याता मोहनलाल शर्मा, पंकज शर्मा, खुशहाल शर्मा, रक्षा शर्मा, बालदास स्वामी, संदीप भार्गव सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने नियमित रूप से परिंडों में पानी भरने तथा पक्षियों के संरक्षण के लिए जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

You might also like