गली नंबर 38 में पानी की पाइपलाइन लीकेज
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । शहर के तेली रोड स्थित गली नंबर 38 में पिछले एक महीने से पानी की पाइपलाइन लीकेज होने के कारण सड़क और मिट्टी धंस गई है। लगातार हुए पानी रिसाव से गली में बड़ा गड्ढा बन गया है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी हबीब बड़गुजर, इमरान कुरेशी, इजरान कुरैशी, मोहम्मद आरिफ छींपा और मोहम्मद हाजी लीलगर आदि ने बताया कि गली में तीन अलग-अलग स्थानों पर पाइपलाइन में लीकेज है। सप्लाई के दौरान बड़ी मात्रा में पानी घरों तक पहुंचने से पहले ही व्यर्थ बह जाता है। लगातार रिसाव के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी धंस चुकी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग को शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया। गड्ढे के कारण बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।