हिंदी पखवाड़े में कार्यशाला, राजभाषा के इस्तेमाल पर जोर

निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न)। केसीसी प्रशासन भवन के सभागार में गुरुवार को आयोजित कार्यशाला में केसीसी कार्यपालक निदेशक पुरुषोत्तमदास बोहरा मुख्य अतिथि रहे। अध्यक्षता कमलेश कुमार ने की। अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नत्थूराम मुक्कड़ मुख्य वक्ता रहे। बोहरा ने कहा कि हिंदी के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में प्रयोग में झिझक, तकनीकी शब्दावली की कठिनाई और अंग्रेजी पर बढ़ती निर्भरता शामिल हैं। ऐसे में हिंदी को तकनीक से जोड़ना जरूरी है। कंप्यूटर, मोबाइल और इंटरनेट पर हिंदी में काम करने के लिए उपलब्ध सुविधाओं का अधिक उपयोग किया जाना चाहिए। सहायक प्रबंधक राजभाषा मोनिका ने बताया कि हिंदी पखवाड़े के तहत विभिन्न प्रतियोगिताएं और कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ‘राजभाषा का महत्व, इसके समक्ष चुनौतियां एवं वर्तमान परिदृश्यÓ विषय पर यह कार्यशाला हुई। मुख्य वक्ता नत्थूराम मुक्कड़ ने कहा कि हिंदी केवल संवाद की भाषा नहीं, बल्कि देश की सामाजिक और सांस्कृतिक विविधता को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण भाषा है। कार्यालयीन कामकाज में सरल और सहज हिंदी के इस्तेमाल से आमजन के लिए कामकाज को समझना आसान होगा। कार्यशाला में केसीसी के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

You might also like