तेज रफ्तार ट्रोले की टक्कर से बाइक सवार युवती की मौत
निसं
जयपुर (नवयत्न) । शहर में बुधवार दोपहर जयपुर-अजमेर रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रोले की टक्कर से बाइक सवार युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा करणी विहार थाना क्षेत्र में दोपहर करीब 3:45 बजे हुआ।
पुलिस के अनुसार हादसे की सूचना मिलते ही करणी विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतका भारती सैनी निवासी दौसा ने भांकरोटा जाने के लिए ओला ऐप के माध्यम से बाइक राइड बुक की थी। रास्ते में जयपुर-अजमेर रोड पर तेज रफ्तार ट्रोले ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि भारती सैनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ओला बाइक चालक नवदीप गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने ट्रोले को कब्जे में लेने और चालक की तलाश के प्रयास शुरू कर दिए हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।