नाकाबंदी तोड़कर भागा युवक, पीछा कर पकड़ा, देशी पिस्टल बरामद

निसं
मुकुंदगढ़ (नवयत्न)। नाकाबंदी के दौरान पुलिस को देखकर बाइक सवार युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके कब्जे से अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बाइक और पिस्टल जब्त कर ली। थानाधिकारी गोपाल सिंह थालोर ने बताया कि मंगलवार रात पुलिस टीम नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया गया। चालक नाकाबंदी स्थल पर नहीं रुका और बाइक को तेज गति से बलरिया गांव की ओर भगाकर ले गया। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए मुक्तिधाम बलरिया के सामने सड़क पर सरकारी वाहन को बाइक के आगे लगाकर उसे रोक लिया। बाइक सवार की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक लोकल मेड देशी पिस्टल मिली। पुलिस ने आरोपी की पहचान सीकर निवासी मोहम्मद साद के रूप में की है। पुलिस ने अवैध पिस्टल और बिना नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले में अनुसंधान जारी है।

You might also like