तेज रफ्तार थार की टक्कर से महिला टायर में फंसी

डी. के. सैनी

जयपुर (नवयत्न)। शिप्रा पथ थाना क्षेत्र में मंगलवार को तेज रफ्तार थार गाड़ी ने स्कूटी सवार महिला को टक्कर मारकर करीब 20–25 फीट तक घसीट दिया। हादसे में महिला वाहन के अगले टायर के नीचे आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

थाना प्रभारी महेंद्र सिंह के अनुसार, विजय पथ स्थित एसबीआई बैंक के सामने हुई इस दुर्घटना में मानसरोवर निवासी नेहा श्रीवास्तव (35) घायल हुई हैं। वह एक्टिवा से घर से निकलकर बाजार जा रही थीं, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार ब्लैक थार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला गाड़ी के साथ घसीटती चली गई और टायर के नीचे फंस गई।

घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने तुरंत महिला को बाहर निकालकर साकेत अस्पताल पहुंचाया, जहां गंभीर हालत में उन्हें दोपहर करीब 1 बजे वेंटिलेटर पर रखा गया। महिला के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।

नेहा के देवर अर्पित सक्सेना ने बताया कि वह हादसे के समय पीछे ही थे। उन्होंने बताया कि थार चालक पहले नीचे उतरकर स्थिति देखता रहा, फिर दोबारा गाड़ी में बैठ गया। बाद में लोगों के पहुंचने पर गाड़ी को पीछे लेकर महिला को निकाला गया और ई-रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस के अनुसार हादसे के बाद थार में सवार दो लोग वाहन सहित मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उक्त वाहन के पहले भी ओवरस्पीड के चालान हो चुके हैं। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और मामला दर्ज कर जांच जारी है।

You might also like