छात्रावास हेतु भूमि आवंटन की मांग को लेकर गुर्जर अधिकारी कर्मचारी कल्याण परिषद ने देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
जयशंकर जांगिड़
झुंझुनू (नवयत्न) । गुर्जर समाज के विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य और शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में आज गुर्जर अधिकारी कर्मचारी कल्याण परिषद, झुंझुनूं द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई। परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने श्री देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश जी भडाणा से मुलाकात कर शहर में छात्रावास हेतु भूमि आवंटन की मांग का ज्ञापन सौंपा।
शिक्षा के मार्ग में आवास की बाधा को दूर करने की अपील
परिषद के महासचिव श्री नितिन धाभाई ने अध्यक्ष को वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि जिले के दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में प्रतिभावान छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा के लिए शहर आते हैं। उचित आवास व्यवस्था न होने के कारण इन विद्यार्थियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। समाज के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक सर्वसुविधायुक्त छात्रावास का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।परिषद के जिला अध्यक्ष श्री सुभाष चंद्र खटाणा ने बताया ”समाज के सर्वांगीण विकास का एकमात्र मार्ग शिक्षा है। यदि हमारे युवाओं को सही वातावरण और संसाधन मिलेंगे, तभी वे राष्ट्र निर्माण में अपना पूर्ण योगदान दे पाएंगे। एक आधुनिक छात्रावास इस दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।”उन्होंने प्रशासन और स्थानीय नेतृत्व से इस मांग पर संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई करने की अपील की है।अध्यक्ष जी ने दिया सकारात्मक आश्वासन
उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे इस नेक कार्य में हर संभव सहयोग करेंगे और भूमि आवंटन की प्रक्रिया को गति देने के लिए संबंधित अधिकारियों से वार्ता करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर परिषद के संरक्षक श्री भोलाराम गुर्जर, ब्लॉक अध्यक्ष श्री लक्ष्मण जी, और श्री महेंद्र जी नून सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, प्रबुद्ध शिक्षाविद् एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।