मां हर कठिनाई का समाधान होती है : डॉ विजयश्री
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । महाप्रज्ञ प्रोग्रेसिव स्कूल में मातृ दिवस के उपलक्ष्य में “शेड्स ऑफ़ मदरहुड ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नर्सरी से ग्रेड पाँच तक के विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के साथ बढ़ चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन लखनऊ के प्रसिद्ध आर्टिस्ट राजेश चन्द्रा के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान “टाई एंड डाई एक्टिविटी” में माताओं और बच्चों ने मिलकर सफेद टी शर्ट्स पर रंगों के माध्यम से आकर्षक कलाकृतियाँ तैयार कीं। रंगों के सुंदर मेल ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। “किंत्सुगी एक्सपीरियंस” गतिविधि के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि प्रेम, धैर्य और अपनापन हर टूटन को सुंदरता में बदल सकता है । वहीं “फेस पेंटिंग” गतिविधि बच्चों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसमें कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों द्वारा विशेष “रूमाल पेंटिंग” गतिविधि का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए रंग बिरंगे एवं आकर्षक डिजाइनों से रूमालों को सजाया। कार्यक्रम में सभी माताओं के लिए विशेष “ओपन माइक सेशन” का भी आयोजन किया गया। इस दौरान माताओं ने अपने अनुभव, भावनाएँ और विचार साझा किए। कई माताएँ अपने बच्चों के प्रति प्रेम और मातृत्व से जुड़े अनुभव साझा करते हुए भावुक भी हो गईं। इस अवसर पर डॉ विजयश्री शर्मा ने कहा कि “माँ शब्द प्रेम, सम्मान और हर कठिनाई का समाधान है। माँ का स्नेह बच्चे के जीवन की सबसे बड़ी शक्ति होता है। प्रिंसिपल रचना बालानी ने बताया कि माँ बच्चे के जीवन में प्रेम, त्याग, धैर्य और शक्ति का सबसे सुंदर रूप होती है। “शेड्स ऑफ़ मदरहुड” कार्यक्रम का उद्देश्य इन्हीं भावनाओं को उत्सव के रूप में अभिव्यक्त करना था, ताकि माताएँ अपने बच्चों के साथ यादगार क्षण बिता सकें।