जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान झुंझुनू में हुआ वार्षिक शोध पत्रिकाओं का विमोचन समारोह

संजय सोनी
झुंझुनू (नवयत्न) । जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) झुन्झुनू परिसर में वर्ष पर्यंत किए गए विविध शोध कार्यों की पुस्तकों, वार्षिक पत्रिका एवं ई-पत्रिका का विमोचन समारोह प्रधानाचार्य श्रीमती सुमित्रा झाझडिया की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा में नवाचार, शोध संस्कृति एवं 21वीं सदी के कौशलों को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक कुमार शर्मा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय माध्यमिक) श्री राजेश मील, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुनीता यादव, पिरामल विद्यालय की प्रधानाचार्य सुश्री सोफिया एवं श्री राजेंद्र सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डाइट प्रधानाचार्य श्रीमती सुमित्रा झाझड़िया ने की।
प्रधानाचार्य श्रीमती सुमित्रा झाझडिया ने बताया की प्रभागाध्यक्ष डॉ राजबाला ढाका के निर्देशन में वर्ष पर्यंत जिले के विविध शोध विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा लिखित विषय यथा नई शिक्षा नीति (NEP 2020), एफएलएन, STEAM शिक्षा में बालिकाओं की सहभागिता, संवाद कौशल, करुणाभाव, शारीरिक स्वच्छता, साक्षरता, विद्यालयों में आपदा प्रबंधन, खेल एवं योग आधारित शिक्षण जैसे विविध विषयों पर आधारित शोध कार्यों एवं पुस्तिकाओं का विमोचन किया गया। साथ ही वार्षिक पत्रिका एवं ई-पत्रिका में प्रकाशित नवाचारों, विचार लेखों एवं शैक्षिक हस्तक्षेपों को भी साझा किया गया।
इस अवसर पर Piramal Foundation द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विषय पर आधारभूत जानकारी, प्रशिक्षण एवं मॉड्यूल की विस्तृत प्रस्तुति पीपीटी के माध्यम से दी गई। प्रशिक्षण सत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के शैक्षिक उपयोग, भविष्य की संभावनाओं तथा विद्यालयी शिक्षा में उसके प्रभावी प्रयोग पर चर्चा की गई। इस अवसर पर जिले के लगभग 50 अधिकारी एवं डाइट फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।
अतिथियों ने डाइट एवं पिरामल फाउंडेशन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों एवं सहयोगात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए इसे भविष्य उन्मुख एवं छात्र-केंद्रित शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों ने शोध आधारित शैक्षिक प्रक्रियाओं को विद्यालय स्तर तक प्रभावी रूप से पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम का संचालन एवं प्रबंधन प्रभागाध्यक्ष डॉ. राजबाला ढाका एवं प्रभारी प्रियंका बराला के द्वारा किया गया।

You might also like