गौशाला में चारा घर भंडारण निर्माण हेतु भूमि पूजन सम्पन्न

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । श्री राजलदेसर गौशाला परिसर में गत दिनों आए भीषण तूफान से क्षतिग्रस्त हुए चारा घर भंडारण के पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ विधिवत भूमि पूजन के साथ किया गया। गौवंश के लिए सुरक्षित चारा व्यवस्था को पुनः सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यह निर्माण कार्य गौ भक्तों एवं दानदाताओं के सहयोग से करवाया जाएगा। भूमि पूजन कार्यक्रम मुख्य यजमान गणेश रेवाड़िया एवं डॉ. हीरालाल सोनी के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंडित बृजेश दाधीच द्वारा पूजा-अर्चना एवं विधिवत अनुष्ठान करवाया गया। गौशाला मंत्री ललित दाधीच ने जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 40 लाख रुपए की लागत से 80×100 फीट का विशाल टीन शेड, करीब 22 फीट ऊंचाई, फर्श एवं चारदीवारी सहित निर्माण प्रस्तावित है। प्रथम चरण में 25×80 फीट का टीन शेड बनाया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत करीब 10 लाख रुपए है। उन्होंने बताया कि जो भी गौ भक्त एवं दानदाता न्यूनतम 11 हजार रुपए का सहयोग करेंगे, उनका नाम शिलालेख पर अंकित किया जाएगा। इस अवसर पर मंगतमल पांडिया, वीरेंद्र लाटा, भुवनेश्वर शर्मा, रतनलाल बारूपाल, अजीत सुथार, शिवभगवान सोनी, परमेश्वर फोगला, हड़मान सोनी, गणेश सोनी, राजेश सोनी ,राधेश्याम पाण्डे, मुरली मारू , कालूराम आदि उपस्थित रहे। गौशाला समिति ने सभी गौ भक्तों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए गौसेवा के इस पुनीत कार्य में निरंतर सहयोग की अपील की।

You might also like