तहसील कार्यालय के सामने पुराने पेड़ों की कटाई से ग्रामीणों में आक्रोश
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी तहसील कार्यालय के सामने वर्षों पुराने पेड़ों की कटाई किए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। पेड़ काटने की सूचना पर गुरुवार को काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए तथा धरना देकर विरोध जताया। जानकारी के अनुसार क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक पुराने छायादार पेड़ों को काट दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। ग्रामीणों का कहना है कि इन पेड़ों से वर्षों से लोगों को छाया और पर्यावरणीय संतुलन का लाभ मिल रहा था, लेकिन बिना किसी ठोस कारण के इन्हें काट दिया गया।
घटना के विरोध में ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने तहसील कार्यालय के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पेड़ काटने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। ग्रामीणों ने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान और पर्यावरण संकट के दौर में पेड़ों की कटाई बेहद चिंताजनक है। इससे क्षेत्र के पर्यावरण को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ आमजन को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। पर्यावरण प्रेमी गोपाल कृष्ण ने बताया कि वह पिछले काफी समय से सरकारी संस्थाओं में पेड़ लगाकर उनका पालन-पोषण करते हैं तथा कुछ लोग अपने निजी फायदे के लिए पेड़ों की कटाई कर रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
धरने के दौरान लोगों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही कटे हुए पेड़ों के स्थान पर नए पौधे लगाने और हरियाली बचाने के लिए ठोस कदम उठाने की भी मांग की गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। घटना की सूचना पर तहसीलदार सुनील कुमार मील, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन प्रणव कुमार मौके पर पहुंचे तथा मामले की जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर गोपाल कृष्ण, पारस वर्मा, डॉ रामकुमार सिराधना, डॉ राघवेंद्र पाल, पवन कुमार, दिनेश कुमार, बलवीर सैनी, मोहनलाल कुमावत, पवन शर्मा, मंजीत जलंद्रा सहित अनेक लोग मौजूद थे।