राजकीय स्कूल के छात्र का एनएमएमएस परीक्षा में चयन, प्रतिवर्ष मिलेगी छात्रवृत्ति
निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न) । बीलवा की राउमावि में बुधवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय के छात्र भविष्य मेहरड़ा का राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना (NMMS) परीक्षा में चयन हुआ है। प्रधानाचार्य डॉ. चरण सिंह शेरावत ने बताया कि एनएमएमएस परीक्षा में चयनित होने पर छात्र को कक्षा 9 से 12 वी तक प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इस प्रकार छात्र को कुल 48 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। उन्होंने बताया कि यह परीक्षा ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने और शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित की जाती है।
प्रधानाचार्य ने कहा कि स्कूल में कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों को एनएमएमएस परीक्षा की विशेष तैयारी करवाई जाती है। शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की मेहनत का ही परिणाम है कि स्कूल के छात्र लगातार सफलता प्राप्त कर रहे हैं।
छात्र की इस उपलब्धि पर स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों ने खुशी जताई। स्कूल स्टाफ ने छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया। इस अवसर पर श्रवण कुमार, मोहित चौधरी, मुरेश कुमार, नानीबाई , आदित्य शर्मा, नरेंद्र, ओमवीर सिंह, हिम्मत सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।