महायज्ञ में 11 लाख आहुतियां प्रदान की
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । मूंडरू कस्बे के जालपाली धाम में साकेतवासी संत रामलखन दास महाराज की धूणी धाम पर हरिचरण दास महाराज के सानिध्य में चल रहे 108 कुंडात्मक श्रीराम महायज्ञ के आठवें दिन भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। सुदामाकुटी वृंदावन के अमरदास महाराज, त्रिवेणी धाम के संत रामरिछपाल दास महाराज, रविनाथकुंज से भावनाथ महाराज भी महायज्ञ में पहुंचे। सभी संतों ने प्रधान कुंड पर बैठकर महायज्ञ में आहुतियां प्रदान की। यज्ञ संयोजक सुदर्शन दास महाराज ने संतो को पुष्पमाला व शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए संत महात्माओं ने कहा कि पुरुषोत्तम मास जैसे दिव्य महीने में महायज्ञ विश्व के लिए कल्याणकारी होता है। महायज्ञ में दान का महत्व बताते हुए उन्होंने कहा कि दान देने से जन्मांतर के पापों का नाश होता है। महायज्ञ से न केवल वातावरण शुद्ध होता है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी होता है। वैदिक मंत्रोच्चार और आहुतियों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो जाता है। महायज्ञ में 108 कुंडो पर 260 यजमान रोजाना आहुतियां प्रदान कर रहे है। आठवें दिन 11 लाख आहुतियां यजमानों द्वारा प्रदान की गई। आठवें दिन तक कुल 42 लाख आहुतियां दी जा चुकी है।
एसडीएम ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
महायज्ञ में श्रीमाधोपुर एसडीएम अनिल कुमार ने महायज्ञ में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसडीएम अनिल कुमार के साथ श्रीमाधोपुर सहायक कलेक्टर मुनेश कुमारी भी साथ थी। उन्होंने पार्किंग, यज्ञशाला, भोजन पांडाल सहित कई व्यवस्थाओं का जायजा लेकर निर्देश भी दिए। सुदर्शन दास महाराज ने एसडीएम अनिल कुमार को बताया कि शाम के समय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। जिससे पार्किंग, आवागमन आदि प्रभावित होते है। इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल की व्यवस्था की जाए। एसडीएम अनिल कुमार ने अतिरिक्त पुलिस जाब्ता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
पूर्णाहुति व भंडारा आज
श्रीराम महायज्ञ का समापन शुक्रवार को होगा। महायज्ञ संयोजक सुदर्शन दास महाराज ने बताया कि सुबह 11 बजे पूर्णाहुति होगी। पूर्णाहुति में कई संत महात्मा भाग लेंगे। इसके बाद भंडारे का आयोजन होगा। जिसमें करीब 50 गांवों के पचास हजार से ज्यादा श्रद्धालु पंगत प्रसादी ग्रहण करेंगे।