अंतर्राष्ट्रीय माहवारी स्वच्छता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
प्रदीप कुमार
दांतारामगढ़ (नवयत्न) । ब्लॉक दांतारामगढ़ में शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय माहवारी स्वच्छता दिवस के उपलक्ष्य में महिला अधिकारिता विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं, किशोरियों एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा महिलाओं एवं बालिकाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को माहवारी के समय स्वच्छता बनाए रखने, सैनिटरी पैड के सुरक्षित एवं सही उपयोग, संतुलित आहार तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही माहवारी से जुड़े भ्रम, संकोच एवं सामाजिक मिथकों को दूर करने तथा समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक पर्यवेक्षक ताराचंद जांदू ने उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को संबोधित करते हुए माहवारी स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिला एवं बालिका कल्याण से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं का स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आत्मविश्वास समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में महिलाओं एवं किशोरियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की। अंत में सभी को स्वच्छता अपनाने एवं अन्य महिलाओं एवं बालिकाओं को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया।