कैप्टन महेश ने गोशाला को भेंट की इलेक्ट्रिक चारा कटाई मशीन
निसं
बुगाला (नवयत्न) । गौसेवा के प्रति अपनी आस्था और समर्पण का परिचय देते हुए कैप्टन महेश बुगालिया ने पं गणेशनारायण सुरभि गोशाला में इलेक्ट्रिक चारा कटाई मशीन भेंट की है। इस मशीन के उपलब्ध होने से गोशाला में गायों के लिए चारा काटने का कार्य पहले की तुलना में अधिक आसान, तेज और सुगम हो जाएगा।
गोशाला प्रबंधन समिति ने बताया कि इलेक्ट्रिक चारा कटाई मशीन से समय और श्रम दोनों की बचत होगी तथा बड़ी मात्रा में चारा कम समय में तैयार किया जा सकेगा। आधुनिक चारा कटाई मशीनें पशुओं के लिए चारे को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटने में सहायक होती हैं, जिससे पशुओं को चारा खाने और पचाने में सुविधा रहती है। इस अवसर पर गोशाला पदाधिकारियों ने कैप्टन महेश बुगालिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के भामाशाहों के सहयोग से ही गोशाला का संचालन सुचारू रूप से हो रहा है। उन्होंने अन्य लोगों से भी गौसेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
गोशाला में मशीन भेंट करने के बाद उन्होंने गौमाताओं को गुड़ व हरा चारा भी खिलाया।इस दौरान मनोहर सिंह शेखावत, महेन्द्र केडिया,कैलाश स्वामी,महावीर बुगालिया,पवन शेखावत, महावीर स्वामी,हरिराम जांगिड़, महीपाल कुमावत,बचनाराम राइका आदि ने उनके उज्ज्वल भविष्य और सुख-समृद्धि की कामना की।