होटल के कमरे में चल रहा था जुए का खेल
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न)। श्याम नगर थाना पुलिस ने 200 फीट लिंक रोड स्थित होटल सफारी प्राइम में चल रहे जुए के अड्डे पर रविवार को कार्रवाई करते हुए नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 1 लाख 87 हजार रुपये नकद तथा ताश के दो पैकेट बरामद किए हैं। मामले में होटल संचालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि होटल सफारी प्राइम के कमरा नंबर-110 में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी। मौके पर नौ व्यक्ति ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेलते मिले। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करवाई तथा मौके से कुल 1.87 लाख रुपये नकद बरामद किए। जुआ खेलने में इस्तेमाल किए जा रहे ताश के दो पैकेट भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में केशव हिरानी, अतुल श्रीवास्तव, हेमंत पारीक, गौरव जैन, हर्ष पाटोदिया, अशोक कुमार भाटिया, अजय शर्मा, सविनय पारीक और केशव गुप्ता शामिल हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि होटल संचालक अथवा मालिक की इस अवैध गतिविधि में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।