जुलाई में राशन दुकानों पर चलेगा सघन निरीक्षण अभियान

गजेंद्र सिंह
सरदारशहर (नवयत्न)। क्षेत्र की राशन दुकानों में पारदर्शिता और वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से रसद विभाग ने राशन डीलरों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। गुरुवार को पंचायत समिति सभागार में आयोजित बैठक में प्रवर्तन अधिकारी संजीव गढ़वाल ने स्पष्ट किया कि जुलाई माह में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र की सभी उचित मूल्य दुकानों का सघन निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड, स्टॉक और वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित डीलर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में गढ़वाल ने कहा कि कई बार निरीक्षण के दौरान राशन डीलर दुकान पर अनुपस्थित पाए जाते हैं तथा आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं कराते, जिससे विभागीय कार्य प्रभावित होता है। उन्होंने सभी डीलरों को रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट रखने, पीओएस मशीनों में स्टॉक की सही प्रविष्टि सुनिश्चित करने तथा विभागीय दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि कुछ दुकानों की पीओएस मशीनों में गेहूं का स्टॉक वास्तविक मात्रा से कम प्रदर्शित हो रहा है। ऐसे मामलों को तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगामी निरीक्षण में किसी प्रकार की समस्या सामने न आए।

बैठक में राशन डीलर यूनियन अध्यक्ष विक्रम सिंह सारसर ने डीलरों की विभिन्न समस्याओं से विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया और उनके समाधान की मांग रखी। इस दौरान राशन डीलरों की ओर से प्रवर्तन अधिकारी संजीव गढ़वाल का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया।

वितरण व्यवस्था सुधारने पर जोर

अधिकारियों ने डीलरों को राशन दुकानों पर साफ-सफाई बनाए रखने, उपभोक्ताओं के साथ बेहतर व्यवहार करने तथा वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। विभाग का कहना है कि पात्र उपभोक्ताओं तक समय पर और पारदर्शी तरीके से राशन पहुंचाना प्राथमिकता है।

ये रहे मौजूद

बैठक में सहकारी समितियों के नए अध्यक्ष रामभक्त सिंह, पंचायत समिति सदस्य इंद्र सिंह शेखावत, व्यवस्थापक संघ अध्यक्ष रामभगत सिंह, दुलाराम चोहान, शहर अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, जिला उपाध्यक्ष चुन्नीलाल तेतरवाल, जिला सचिव शकर लाल सैनी, जिला संगठन सचिव भवानी शंकर, पुर्व अध्यक्ष बाबूलाल शर्मा, महामंत्री राजेंद्र शर्मा, पुलारम अशोक कुमार महेंद्र नेण साहबराम, चरणपकाश, प्रमोद कुमार भंवरलाल शर्मा मेलूसर सहदेव शर्मा जोशी, पुलाराम, हेमंत सिंह, गोवर्धन, सुनील पारीक, अशोक कुमार पारीक, चुन्नीलाल तेतरवाल, राजवीर सिंह राठौड़, महेंद्र नैण सहित बड़ी संख्या में राशन डीलर उपस्थित रहे।

You might also like