छात्राओं के लिए आधुनिक ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन, संतों और जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी मौजूदगी
नंदलाल गौड़
लोसल (नवयत्न) । आरपी पंसारी जन सेवा चेरिटेबल ट्रस्ट कोलकाता के प्रमुख एवं लोसल प्रवासी भामाशाह राजेंद्र प्रसाद पंसारी ने आदर्श विद्या मंदिर लोसल में छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए ई लाइब्रेरी की सौगात दी है। ट्रस्ट के संचालक राजेंद्र प्रसाद पंसारी ने अपनी माताजी स्वर्गीय किशनी देवी की पावन स्मृति में छात्राओं के लिए एक अत्याधुनिक एवं पूर्णतः वातानुकूलित ई-लाइब्रेरी की शुरुआत की है। इस डिजिटल लाइब्रेरी का भव्य उद्घाटन समारोह कोठीवाल आदर्श विद्या मंदिर परिसर में आयोजित किया गया।
ई लाइब्रेरी का शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामानंद आश्रम परमहंस बाबा परमानंद धाम के पीठाधीश्वर आकाशानंद गिरि, शेष भगवान मंदिर के संत जुगेश्वर दास महाराज, धोद विधायक गोरधन वर्मा और निजी शिक्षण संस्थान संघ के जिलाध्यक्ष बी.एल. रणवां ने संयुक्त रूप से फीता काटकर ई लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। संतों के पावन सानिध्य में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में कस्बे के अनेक गणमान्य नागरिक और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। वक्ताओं ने ट्रस्ट की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह आधुनिक ई-लाइब्रेरी स्थानीय छात्राओं को डिजिटल युग में उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक बेहतरीन माहौल प्रदान करेगी
इस अवसर धोद विधायक गोरधन वर्मा ने कहा कि अपने लोसल में इस तरह की आधुनिक वातानुकूलित ई लाइब्रेरी की स्थापना करना शिक्षा को बढ़ावा देने का सराहनीय क़दम है। वर्तमान में डिजिटल शिक्षा की महत्ता निरंतर बढ़ रही है। यहां पर इसका आज शुभारंभ होने से छात्राओं के उज्जवल भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। विधायक ने इस पहल के लिए विधालय प्रबंधन एवं पंसारी ट्रस्ट की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादाई कदम है। इस अवसर पर बी एल रणवां ने बताया कि पंसारी जी ने अपनी मातृभूमि के लिए दिल खोलकर मंदिर शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में योगदान दे रहे हैं।