सड़क निर्माण में बाधा हटाने की मांग

निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। इन्द्रसर से पचेरी तक निर्माणाधीन सड़क में आ रही बाधाओं को दूर कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार देवी लाल यादव को जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क के बीच मार्ग में दोनों ओर पत्थरों की दीवारें बनाकर अतिक्रमण किया गया है, जिससे सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य रुका होने से आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने प्रशासन से मामले का शीघ्र समाधान कर सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू करवाने की मांग की। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के दोनों तरफ बनी पत्थर की दीवारें दुर्घटना का कारण भी बन सकती हैं। यदि इन दीवारों से टकराकर कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी। ऐसे में प्रशासन को जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द कार्रवाई करनी चाहिए। ग्रामीणों ने कहा कि यह सडक़ पचेरी और इन्द्रसर सहित आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। सडक़ निर्माण अधूरा रहने से विद्यार्थियों, किसानों, मरीजों और आम नागरिकों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि अतिक्रमण और कानूनी अड़चनों का शीघ्र निस्तारण कर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। इस दौरान प्रताप सिंह यादव, विक्रम, कैलाश, राकेश कुमार, अंकित, सुरेश कुमार, भूपसिंह साहब, मोहन मिस्त्री, सुन्दर, शेर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासन से जनहित में त्वरित कार्रवाई की मांग की।

You might also like