जनरल सर्जरी की अत्याधुनिक मशीनों से होंगे जटिल ऑपरेशन

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । रतनगढ़ की सेठ सूरजमल जालान राजकीय जिला चिकित्सालय में चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ बनाकर आमजन को हो रही आर्थिक एवं मानसिक परेशानी से निजात दिलाने के लिए भामाशाह अरुण एवं हर्ष अजीतसरिया ने अपने परिवार के किशन दयाल रामेश्वर लाल चैरिटी ट्रस्ट के माध्यम से 80 लाख रुपये का आर्थिक सहयोग प्रदान किया है। क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी चम्पालाल उपाध्याय द्वारा जीवन पर्यन्त किये गये सेवाकार्यों को आगे बढ़ाने की दृष्टि से श्री गांधी बाल निकेतन के सचिव राजीव उपाध्याय द्वारा जिले के सरकारी चिकित्सालयों के सुदृढ़िकरण हेतु चलाई जा रही मेडिकल इक्विपमेंट परियोजना के तहत उपलब्ध हुई इस राशि से स्थानीय जालान अस्पताल के जनरल सर्जरी विभाग के लिए लेप्रोस्कोप, लेजर, ऐनेस्थीसिया, ईटीओ, फोगर, ओटी टेबल, ब्लड वार्मर, कोटरी जैसी अत्याधुनिक मशीनें खरीदी गई हैं। इन मशीनों की स्थापना शीघ्र ही हो जायेगी, जिससे मरीजों का ईलाज स्थानीय स्तर पर विश्व की अत्याधुनिक मशीनरी से किया जा सकेगा। अस्पताल में स्थापित होने जा रही जनरल सर्जरी की इन मशीनों मंे लेप्रोस्कोप मशीन के जरिए बिना चीरा लगाए जटिल सर्जरी एवं लेजर मशीन से बिना टांकों के सटीक और दर्द रहित ऑपरेशन हो सकेंगे। एडवांस्ड एनेस्थीसिया प्लेटफॉर्म जटिल और लंबे चलने वाले ऑपरेशन्स में बेहतर लाइफ-सपोर्ट सिस्टम के रूप में काम करेगा। ईटीओ स्ट्रेलाईजेशन तथा फॉगर मशीन ऑपरेशन थियेटर, मशीनरी आदि को पूर्णतया संक्रमण मुक्त रखेगा एवं नवीन तकनीक की ओटी टेबल सर्जरी की प्रक्रिया को सुगम बनायेगी।

You might also like