जाखल के भवानी सिंह सहित राजस्थान के चार ट्रांसप्लांट खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित

निसं
बुगाला (नवयत्न)।  16वें भारतीय अंगदान दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार तथा राष्ट्रीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में अंगदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले खिलाडिय़ों, सामाजिक संस्थाओं, अस्पतालों और संगठनों को सम्मानित किया गया। समारोह में राजस्थान के चार ट्रांसप्लांट खिलाडिय़ों झुंझुनूं जिले के जाखल निवासी भवानी सिंह शेखावत सहीज राजस्थान के अमित शर्मा, हितेश शर्मा और अंकित कुमार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने सम्मानित किया। चारों खिलाडिय़ों ने किडनी प्रत्यारोपण के बाद अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और संघर्ष के दम पर जर्मनी में आयोजित वर्ल्ड ट्रांसप्लांट गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए कई पदक जीते और देश का गौरव बढ़ाया।
समारोह में भारत सरकार की स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव, राष्ट्रीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन के निदेशक डॉ. अनिल कुमार सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन राजस्थान को अंगदान संकल्प अभियान में पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में अधिक से अधिक लोगों को अंगदान का संकल्प लेने और इस विषय में जन-जागरूकता बढ़ाने का संदेश भी दिया गया।

You might also like