महाराजा अग्रसेन के जीवन पर बनेगी फिल्म, मुकेश खन्ना निभाएंगे मुख्य भूमिका
संजय सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। अग्रवाल समाज के आराध्य महाराजा अग्रसेन के जीवन, उनके सिद्धांतों और लोककल्याण की भावना को बड़े पर्दे पर उतारने की तैयारी शुरू हो गई है। महाभारत सीरियल में भीष्म पितामह की भूमिका निभाने वाले अभिनेता मुकेश खन्ना अब महाराजा अग्रसेन के जीवन पर आधारित फिल्म में मुख्य भूमिका निभाएंगे। फिल्म की शूटिंग शेखावाटी के चूरू और झुंझुनूं सहित अन्य स्थानों पर भी प्रस्तावित है। फिल्म निर्माण की औपचारिक शुरुआत के मौके पर मुकेश खन्ना के कार्यालय में उन्हें साइनिंग अमाउंट देकर अनुबंध की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके साथ ही फिल्म का शुभ मुहूर्त भी किया गया। फिल्म को लेकर अग्रवाल समाज में उत्साह का माहौल है।
श्याम फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले निर्माण
फिल्म का निर्माण श्याम फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले किया जाएगा। सन्नी अग्रवाल फिल्म के निर्देशक हैं। डॉ. श्याम अग्रवाल और पुरुषोत्तम केजरीवाल निर्माता तथा सुमन अग्रवाल सह-निर्माता हैं। फिल्म में महाराजा अग्रसेन के जीवन संघर्ष, उनके सिद्धांतों और समाज के प्रति योगदान को कहानी के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
सामाजिक समरसता और लोककल्याण का संदेश
निर्माताओं के अनुसार फिल्म का उद्देश्य महाराजा अग्रसेन के विचारों को नई पीढ़ी और आमजन तक पहुंचाना है। सामाजिक समानता, सहयोग, परोपकार और लोककल्याण जैसे संदेशों को फिल्म के माध्यम से प्रभावी ढंग से सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। अग्रवाल समाज के लोगों ने फिल्म निर्माण की पहल को समाज के लिए गौरव का विषय बताया। उनका कहना है कि महाराजा अग्रसेन के जीवन और आदर्शों को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने से युवा पीढ़ी को उनके विचारों को समझने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा। फिल्म की शूटिंग शुरू होने की खबर के साथ ही समाजबंधुओं में उत्सुकता बढ़ गई है।