1500 से अधिक विद्यार्थियों ने दिया जल संरक्षण का संदेश

सुरेंद्र शर्मा 

सीकर (नवयत्न)। राजस्थान में जल संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को जागरूक करने के उद्देश्य से राजस्थान शिक्षा विभाग की ओर से शुरू किए गए “ब्लू प्लैनेट क्विज़ एवं आर्ट कॉन्टेस्ट” अभियान के तहत रविवार को सीकर में सिटी लेवल कलरिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न विद्यालयों के 1500 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अभियान के सफल संचालन की जिम्मेदारी प्रवाह सेतु फाउंडेशन एवं नियो-बीड्स एबेकस को सौंपी गई है। सीकर संस्था संचालक शुभम दीक्षित ने बताया कि अभियान के तहत राजस्थान के विभिन्न विद्यालयों के साथ ही सीकर के अनेक स्कूलों में कलरिंग प्रतियोगिता का प्रथम चरण सफलतापूर्वक आयोजित किया जा चुका है। इसी क्रम में प्रतियोगिता का द्वितीय चरण यानी सिटी लेवल राउंड 9 अगस्त को सीकर में आयोजित किया गया।

संस्था फाउंडर विजेता माहेश्वरी एवं प्रियांक गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को राजस्थान में बढ़ते जल संकट की गंभीरता से अवगत कराना और उन्हें जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने रंगों और चित्रों के माध्यम से “जल बचाओ, भविष्य बचाओ” का संदेश रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया।

आयोजन में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों तक भी जल संरक्षण का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया।

आयोजन को सफल बनाने में प्रियांक गुप्ता, विजेता माहेश्वरी, शुभम दीक्षित एवं कृतिका दीक्षित का विशेष योगदान रहा। आयोजकों ने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

You might also like