दुष्कर्म का वांछित आरोपी गिरफ्तार
निसं
जयपुर (नवयत्न) । खोह नागोरियान थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म व ब्लैकमेलिंग के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं लूनियावास में अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडरों की रीफिलिंग और भंडारण करते एक आरोपी को भी पकड़ा गया।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने आलोक मीणा उर्फ केपी (23) निवासी लूनियावास को गिरफ्तार किया। आरोप है कि उसने पीड़िता को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और अश्लील फोटो-वीडियो बना लिए। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बार-बार दुष्कर्म किया। आरोपी के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज था। पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ घटनास्थलों की तस्दीक करवा रही है।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने भगवान सहाय मीणा (58) निवासी लूनियावास को अवैध गैस रीफिलिंग करते पकड़ा। उसकी दुकान से एलपीजी सिलेंडर, गैस पाइप, रेगुलेटर और रीफिलिंग उपकरण जब्त किए गए। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया और बाद में न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। दोनों कार्रवाइयों में पुलिस टीम के कांस्टेबलों की विशेष भूमिका रही।