भाजपा ने फूंका चुनावी बिगुल, 35 वार्ड जीतने का संकल्प

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। नगरपालिका चुनाव को लेकर भाजपा ने सोमवार को माली-सैनी समाज संस्थान भवन में विजय संकल्प सभा आयोजित कर चुनावी अभियान को धार दी। सभा में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका के सभी 35 वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों को जिताने का संकल्प लिया। ढोल वादन के साथ नेताओं का स्वागत किया गया। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बीकानेर संभाग प्रभारी मुकेश दाधीच ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं। दावेदार कई हैं, लेकिन टिकट एक ही कार्यकर्ता को मिलेगा। टिकट से वंचित कार्यकर्ताओं को निराश होने की जरूरत नहीं है, पार्टी में जिम्मेदारियों और अवसरों की कमी नहीं है। पालिका चुनाव प्रभारी ओमप्रकाश बागड़ा ने कहा कि यह कार्यकर्ताओं का चुनाव है। टिकट एक व्यक्ति को मिलेगा, इसलिए जिसे टिकट मिले, सभी कार्यकर्ता उसके समर्थन में एकजुट होकर काम करें। उन्होंने कहा कि जिताऊ, टिकाऊ और ईमानदार कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी तथा परिवारवाद या व्यक्ति विशेष के आधार पर टिकट नहीं दिए जाएंगे। पूर्व विधायक अभिनेष महर्षि ने कहा कि पिछले नगरपालिका चुनाव में पार्टी को सफलता नहीं मिली थी। इस बार कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरना होगा। उन्होंने टिकट वितरण को लेकर कहा कि इसमें उनकी भूमिका शून्य है और वे किसी भी टिकट की मांग नहीं करेंगे। महर्षि ने कहा कि कार्यकर्ता जनता का विश्वास जीतें और बेईमानी से दूर रहें। उन्होंने घोषणा की कि भाजपा के पक्ष में सबसे अधिक मतों के अंतर से जीतने वाले वार्ड के विकास के लिए एक करोड़ रुपए दिलवाए जाएंगे। सभा में जिला उपाध्यक्ष दीनदयाल पारीक, हिम्मतसिंह मालासी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष दीनदयाल स्वामी, विधानसभा विस्तारक द्वारकाप्रसाद सैन, मंडल अध्यक्ष विष्णु प्रजापत, मंडल प्रभारी गिरधारी सिंह राठौड़, ओबीसी मोर्चा के इंद्रचंद देवड़ा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन जिला प्रवक्ता पवन बोथरा ने किया।

You might also like