ईवीएम में कैद 154 प्रत्याशियों का भाग्य
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। नगर पालिका चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के साथ ही अब शहर के 45 वार्डों के 154 अभ्यर्थियों का भाग्य ईवीएम मशीनों में कैद हो गया है। मतदान के बाद सभी ईवीएम मशीनों को राजकीय कन्या कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवाया गया है। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। लाडनूं एसएचओ शिम्भु दयाल के नेतृत्व में पुलिस का कड़ा पहरा लगाया गया है। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि ईवीएम की सुरक्षा में किसी प्रकार की कोई चूक न होने पाए। अब प्रत्याशियों और समर्थकों को 14 सितंबर का बेसब्री से इंतजार है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार सुबह 8 बजे से ईवीएम की मतगणना शुरू होगी और परिणाम जारी किए जाएंगे। मतगणना के साथ ही 45 वार्डों में किस प्रत्याशी के पक्ष में जनता ने अपना फैसला सुनाया है, इसकी तस्वीर साफ हो जाएगी। चुनाव परिणाम को लेकर प्रत्याशियों के साथ-साथ समर्थकों में भी उत्सुकता बनी हुई है। कहीं जीत के दावे किए जा रहे हैं तो कहीं हार-जीत के आंकड़ों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।