जेईएन को निलंबित करने की मांग, ग्रामीणों ने की नारेबाजी; मुकदमे के विरोध में सामूहिक गिरफ्तारी देने थाने पहुंचे

मधु दहिया
बुहाना (नवयत्न)। बिजली कटौती की समस्या को लेकर चौड़ाड़ी अगुणी गांव के ग्रामीणों का विरोध शनिवार को तेज हो गया। ग्रामीण बुहाना स्थित बिजली विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय पहुंचे और कनिष्ठ अभियंता रजनी कुमारी को निलंबित करने की मांग को लेकर कार्यालय के बाहर नारेबाजी की। इसके बाद ग्रामीण कनिष्ठ अभियंता की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे के विरोध में सामूहिक गिरफ्तारी देने के लिए बुहाना थाने पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना था कि जब उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है तो वे सामूहिक रूप से गिरफ्तारी देने के लिए तैयार हैं। ग्रामीणों के अनुसार, 3 सितंबर को बिजली कटौती की समस्या को लेकर वे बिजली विभाग में जवाब मांगने पहुंचे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि वहां जेईएन रजनी कुमारी की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने बिजली कटौती की समस्या को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। बाद में जेईएन की ओर से ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। ग्रामीणों ने जेईएन पर अभद्रता सहित कई आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि मामले में जेईएन को निलंबित किया जाना चाहिए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जेईएन के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो बिजली विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान एडवोकेट शिवराज सिंह, गिरवर सिंह शेखावत, विरेंद्र सिंह तंवर, सुरेंद्र सिंह, हीरा सिंह, सुंदर सिंह, विजयपाल, योगेन्द्र शर्मा, कृष्ण शर्मा, शेर सिंह, कृष्णपाल शेखावत, राजेन्द्र शेखावत, धमेंद्र शर्मा, रणवीर, रूपसिंह, प्रदीप सिंह, रिशीराज, कुलदीप सिंह मौजूद रहे।

You might also like