अंग्रेजी डिबेट में बच्चों ने बेबाकी से रखे विचार, जूनियर में अरावली तो सीनियर में विंध्या सदन प्रथम

सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। गौरव पथ स्थित एसएस मोदी विद्या विहार में अंतर्सदनीय अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता दो वर्गों में हुई। जूनियर वर्ग में कक्षा 6 से 8 और सीनियर वर्ग में कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों ने भाग लिया। जूनियर वर्ग में ‘डज एडवर्टाइजिंग अफेक्ट चिल्ड्रन अनफेयरलीÓ और सीनियर वर्ग में ‘शुड लॉ चेंज विद सोशल वैल्यूजÓ विषय पर विद्यार्थियों ने पक्ष और विपक्ष में अपने विचार रखे। बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने तर्क प्रस्तुत किए। अकादमिक निदेशक रॉय सी. पॉल और प्राचार्य विजय मसीह ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। प्राचार्य ने प्रतियोगिता के नियमों की जानकारी देने के साथ निर्णायक मंडल का परिचय कराया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को हर प्रतियोगिता में पूरी तैयारी के साथ भाग लेना चाहिए। प्रतियोगिता में छत्रपाल सिंह, सैनिक स्कूल झुंझुनूं, अमर सिंह, जीबी मोदी विद्यालय झुंझुनूं और एनी मसीह ने निर्णायक की भूमिका निभाई। निर्णायक छत्रपाल सिंह ने कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने का अवसर देते हैं। सभी बच्चों ने अच्छे तरीके से अपनी बात रखी, इसलिए निर्णय करना मुश्किल रहा। उन्होंने विद्यार्थियों से हर गतिविधि में भाग लेने और अच्छा श्रोता बनने के साथ लगातार मेहनत करने की बात कही। जूनियर वर्ग में अरावली सदन प्रथम, विंध्या सदन द्वितीय और हिमालय सदन तृतीय रहा। वहीं सीनियर वर्ग में विंध्या सदन प्रथम, हिमालय सदन द्वितीय और अरावली सदन तृतीय स्थान पर रहा। प्राचार्य विजय मसीह ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। मंच संचालन भवि सुगंध और सुमायरा ने किया। विद्यालय स्टाफ ने विजेता सदनों को बधाई दी। मुम्बई प्रवासी ट्रस्टी शशिकांत मोदी, गिलूराम मोदी, सौरभ मोदी, प्रियंक मोदी, कनिका मोदी और विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल ने भी विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

You might also like